बेलराइज वर्कर्स यूनियन के त्रिवार्षिक सम्मेलन में चुनी गई नई कार्यकारिणी में साहब सिंह बने अध्यक्ष और महामंत्री बने सुनील
लालपुर स्थित होटल वेलकम में बेलराइज वर्कर्स यूनियन के त्रिवार्षिक सम्मेलन में पर्यवेक्षक के तौर पर उपस्थित ट्रेड यूनियन ऐक्टू के जिलाध्यक्ष दिनेश तिवारी ने वर्कर्स को संबोधित के हुए कहा कि आज सरकार व पूंजीपतियों के गठजोड़ के कारण श्रमिकों के हितों की सबसे ज्यादा अनदेखी की जा रही है। श्रमिकों की हितों पर कुठाराघात करते हुए केंद्र सरकार ने कॉर्पोरेट मालिकों के पक्ष में 4 नए लेबर कोड बना दिए हैं। पुराने श्रम कानूनों को खत्म करके बनाए गए 4 लेबर कोड श्रमिकों के संविधान प्रदत्त अधिकारों पर सबसे बड़ा हमला हैं।
आज जब हम अपनी यूनियन चला रहे है और सम्मेलन कर रहे हैं, 4 श्रम कोड्स के पूर्णतः लागू हो जाने के बाद श्रमिकों के लिए यूनियन बनाना असम्भव हो जाएगा। यूनियन कंपनी मालिक के शोषण से श्रमिकों के अधिकारों को काफी हद तक सुरक्षित रखती है और प्रबंधन से श्रमिक हित में बारगेनिंग करने का अधिकार देती है। 4 श्रम कोड इस सुरक्षा और अधिकार को पूरी तरह खत्म कर देंगे।
इन 4 श्रम कोड के खिलाफ ट्रेड यूनियंस ने 12 फरवरी को राष्ट्रीय हड़ताल आहूत की है। हम सभी को इस हड़ताल को सफल बनाना होगा।
सम्मेलन में यूनियन के नेता साहब सिंह ने कहा कि पिछले कुछ माह से बेलराइज कारखाना प्रबंधन श्रमिकों की एकता को। तोड़ने के काफी कुत्सित प्रयास कर रहा है। हमारी यूनियन और प्रबंधन के बीच समझौते की वार्ताएं जारी हैं। नियमतः इस स्थिति में कोई भी प्रबंधन श्रमिकों का ट्रांसफर दूसरी जगह नहीं कर सकता है। लेकिन कारखाना प्रबंधक लगातार नियमों का उल्लंघन कर रहा है।हाई कोर्ट द्वारा ट्रांसफर आदेश पर रोक लगाने के बावजूद कम्पनी हाई कोर्ट के आदेश का अनुपालन नहीं कर रही है। ऐसा लगता है कि नियमों का उल्लंघन करने के लिए सत्ता का संरक्षण सीधा कंपनी प्रबंधन को है।
महामंत्री चुने गए सुनील कुमार ने कहा कि आज जब हम अपने त्रिवार्षिक चुनाव में नई कार्यकारिणी और पदाधिकारियों का चुनाव कर रहे हैं तो हमें पूरा भरोसा है कि नई कार्यकारिणी श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेगी।
सम्मेलन में साहब सिंह को अध्यक्ष व सुनील कुमार को महामंत्री चुना गया। कमलेश डाली को उपाध्यक्ष, अनिल कुमार और प्रकाश सिंह बोरा को उपमहामंत्री, गोविंद सिंह नेगी को संगठन मंत्री और किशन चंद को कोषाध्यक्ष चुना गया।
सम्मेलन को संयुक्त श्रमिक मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष दलजीत सिंह और यजाकि वर्कर यूनियन के रविन्द्र सिंह ने भी संबोधित किया। सम्मेलन में प्रभुनाथ, उमेश तिवारी, बृजेन्द्र मण्डल,मोहन नाथ, अमित बत्रा , राजेंद्र राठौर, राम कुमार , राज कुमार, किशन कुमार, निसार अहमद, मीना रानी, हरीश जोशी, सुकांत मंडल, बृजेंद्र मंडल, राजेंद्र सिंह, हरीश। गोस्वामी, आनंद गोस्वामी , जयदेव, गौरंग दास सहित दर्जनों कई श्रमिक मौजूद रहे।


