पंतनगर यूनिवर्सिटी में शराब की होम डिलीवरी का प्रचार, युवक गिरफ्तार
रुद्रपुर/पंतनगर। जनपद में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चल रही सख्त कार्रवाई के तहत Uttarakhand Police ने पंतनगर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक Ajay Ganpati के निर्देशन में कोतवाली पंतनगर पुलिस ने यूनिवर्सिटी परिसर में शराब की होम डिलीवरी का प्रचार करने वाले युवक को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार 20 फरवरी 2026 को Govind Ballabh Pant University of Agriculture and Technology परिसर में अखबारों के भीतर आपत्तिजनक प्रचार कार्ड डाले जाने की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई। कार्ड पर अंग्रेजी में लिखा था— “Fast delivery, enjoy a drink at the comfort and safety of your home, we are just a call away” — जिससे विश्वविद्यालय परिसर में शराब व अन्य मादक पदार्थों की होम डिलीवरी की आशंका जताई गई।
घटना से विश्वविद्यालय प्रशासन एवं स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि देवाशीष विश्वास पुत्र रविन्द्र विश्वास, निवासी ग्राम टैगोर नगर शक्तिफार्म, थाना सितारगंज, जनपद ऊधमसिंहनगर द्वारा उक्त कार्ड अखबारों में डालकर वितरित किए गए थे।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ धारा 126/135/170 बीएनएसएस के तहत मुकदमा दर्ज कर माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जनपद में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


