महिला सम्मान बनाम सत्ता की चुप्पी,ठुकराल प्रकरण ने फिर पकड़ी सियासी आग,महिला कांग्रेस नेता ने पुलिस से की शिकायत,पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल पर कार्यवाई की मांग

खबरें शेयर करें

महिला सम्मान बनाम सत्ता की चुप्पी,ठुकराल प्रकरण ने फिर पकड़ी सियासी आग,महिला कांग्रेस नेता ने पुलिस से की शिकायत,पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल पर कार्यवाई की मांग रुद्रपुर: उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी की वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं वर्ष 2022 में रुद्रपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस की ओर से विधायक प्रत्याशी रहीं, पूर्व पालिका अध्यक्ष श्रीमती मीना शर्मा शुक्रवार सुबह वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं। एसएसपी मणिकांत मिश्रा की अनुपस्थिति में उन्होंने पुलिस अधीक्षक अपराध निहारिका तोमर से मुलाकात कर अपने विरुद्ध की गई अभद्र एवं अमर्यादित टिप्पणी के मामले में निष्पक्ष जांच एवं प्राथमिकी दर्ज किए जाने की मांग की।
श्रीमती शर्मा ने बताया कि लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल द्वारा उनके खिलाफ की गई आपत्तिजनक टिप्पणी का एक ऑडियो सामने आया था, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा और मान-मर्यादा को गंभीर ठेस पहुंची। उन्होंने कहा कि इस घटना से उन्हें गहरी मानसिक पीड़ा हुई और उनकी छवि को धूमिल करने का प्रयास किया गया।
उन्होंने पुलिस अधीक्षक अपराध को पूरे घटनाक्रम का विस्तृत विवरण देते हुए बताया कि उस समय उन्होंने कोतवाली रुद्रपुर में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए तहरीर दी थी, लेकिन आज तक इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने राज्य महिला आयोग में भी इस संबंध में अपनी आपत्ति दर्ज कराई थी, किंतु महिलाओं के विरुद्ध की गई अनर्गल बयानबाजी और अभद्र टिप्पणी के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
इस पर पुलिस अधीक्षक अपराध निहारिका तोमर ने श्रीमती मीना शर्मा को भरोसा दिलाया कि मामले की गंभीरता से जांच कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान श्रीमती शर्मा के साथ पूनम गुप्ता, सरोज रानी, माधुरी देवी, श्वेता शर्मा, भूरी देवी कोली, कविता जोशी सहित अन्य महिलाएं भी उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!