श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए गरीब रथ ट्रेन बहाल करने की उठी आवाज

खबरें शेयर करें
  • श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए गरीब रथ ट्रेन बहाल करने की उठी आवाज
  • रूद्रपुर । नवरात्र पर्व, माता वैष्णो देवी यात्रा और आगामी श्री अमरनाथ यात्रा के मद्देनजर यात्रियों की सुविधा हेतु गरीब रथ ट्रेन को दोबारा शुरू करने की मांग तेज हो गई है। इसी को लेकर महापौर विकास शर्मा ने श्री अमरनाथ जी सेवा मंडल के पदाधिकारियों और सदस्यों के साथ रुद्रपुर रेलवे स्टेशन पहुंचकर रेल अधिकारियों से वार्ता की। इस दौरान उन्होंने मंडल रेल प्रबंधक इज्जतनगर बरेली को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें गरीब रथ ट्रेन को जनहित में पुनः संचालित करने की मांग की गयी।

     

    महापौर विकास शर्मा ने कहा कि रुद्रपुर और आसपास के क्षेत्रों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता वैष्णो देवी और अन्य धार्मिक स्थलों की यात्रा करते हैं। पिछले चार वर्षों से संचालित हो रही गरीब रथ ट्रेन यात्रियों के लिए बेहद सुविधायोग्य और किफायती साधन थी, लेकिन पिछले करीब चार माह से इसका संचालन बंद होने के कारण यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

    महापौर विकास शर्मा ने कहा कि रुद्रपुर शहर से पंजाब और जम्मू जाने वाले यात्रियों के लिए यह ट्रेन जीवनरेखा के समान है। अब जबकि गर्मियों की छुट्टियां शुरू होने वाली हैं और श्री अमरनाथ जी की पवित्र यात्रा भी प्रारंभ होने को है, ऐसे में ट्रेन सेवा बंद रहने से श्रद्धालुओं की परेशानी और बढ़ जाएगी। उन्होंने बताया कि जनपद उधम सिंह नगर सहित पूरे तराई क्षेत्र के लोगों की आस्था और सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस ट्रेन का पुनः संचालन अत्यंत आवश्यक है। महापौर ने रेल अधिकारियों से मांग की है कि यात्रियों की बढ़ती संख्या और धार्मिक यात्राओं के सीजन को देखते हुए इज्जतनगर रेल मंडल इस दिशा में त्वरित निर्णय ले।

    ज्ञापन सौंपने के दौरान श्री अमरनाथ जी सेवा मंडल के अध्यक्ष अजय चड्डा और संरक्षक सुनील ठुकराल, राजन राठौर, अमित अरोरा बॉबी, सहित मंडल के अनेक पदाधिकारी व सदस्य मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!